books
ComputerAwareness-26.webp
previous arrow
next arrow
Shadow

भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 2023

भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023, जिसे इस लेख में इसके बाद अधिनियम के रूप में संदर्भित किया गया है, भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 1872 (आईई), जो ब्रिटिश काल की दंड विधियों में से एक है, को प्रतिस्थापित करने हेतु अधिनियमित किया गया है। पहली बार 11 अगस्त, 2023 को भारतीय साक्ष्य विधेयक, 2023 लोक सभा में पुरःस्थापित किया गया था। इसके बाद गृह मामलों की स्थायी समिति ने इसका मूल्यांकन किया, और अपनी सिफारिशें दीं। इसलिए, विधेयक को वापस ले लिया गया और उन सिफारिशों को समेकित करने के बाद भारतीय साक्ष्य (द्वितीय) विधेयक (बीएसबी2), 2023 नामक एक नया विधेयक प्रस्तुत किया गया। भारतीय साक्ष्य अधिनियम के अधिकांश उपबंधों को बीएसबी2 में बनाए रखा गया है, जैसे स्वीकारोक्ति, साक्ष्य की जिम्मेदारी और तथ्यों की प्रासंगिकता से संबंधित उपबंध। इस विधेयक को लोक सभा से 20 दिसंबर, 2023 को और राज्य सभा से 21 दिसंबर, 2023 को अनुमोदन प्राप्त हुआ। अंततः, 25 दिसंबर, 2023 को राष्ट्रपति की अनुमति मिलने के बाद यह विधेयक अधिनियम बन गया।

भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 1872

भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 1872 को ब्रिटिश संसद द्वारा साक्ष्य को प्रशासित करने और भारतीय न्यायालयों में इसकी स्वीकार्यता सुनिश्चित करने हेतु पारित किया गया था। निरसित अधिनियम, सभी दीवानी और फौजदारी कार्यवाहियों पर लागू था। समय के साथ, आईईए को अपराध से संबंधित सुधारों और तकनीकी प्रगति के अनुरूप बनाने के लिए इसमें कई संशोधन किए गए। उदाहरणार्थ, वर्ष 2000 में, आपराधिक या फौजदारी मामलों में द्वितीयक साक्ष्य के रूप में इलेक्ट्रॉनिक अभिलेख के उपयोग की अनुमति देने के लिए आईईए में संशोधन किया गया था। इसके अलावा, विधि आयोग द्वारा नियमित अंतराल पर आईईए का विश्लेषण किया गया और यह प्रतिपरीक्षा, हिरासत में हिंसा और पुलिस के बयानों की स्वीकार्यता सहित विभिन्न मामलों पर सिफारिशें देता रहा।

आईईए के कुछ प्रतिधारित उपबंध

आईईए के कुछ उपबंध, जिन्हें भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 2023 में यथावत रखा गया है, इस प्रकार हैं:

  • स्वीकार्य साक्ष्य: विधिक कार्यवाही में संबंधित पक्षों द्वारा केवल स्वीकार्य साक्ष्य ही प्रस्तुत किए जा सकते हैं। ऐसे साक्ष्यों में 'सुसंगत तथ्य' या 'विवाद्यक तथ्य' शामिल हो सकते हैं। सुसंगत तथ्य किसी दिए गए मामले से संबंधित तथ्यों को संदर्भित करते हैं, जबकि विवाद्यक तथ्यों में वे तथ्य शामिल हैं जो विधिक कार्यवाही में अस्वीकृत या दावा किए गए किसी दायित्व, अधिकार या असमर्थता की प्रकृति, स्थिति या सीमा को परिभाषित करते हैं। आईईए के अनुसार, साक्ष्य दो प्रकार के होते हैं, दस्तावेजी और मौखिक साक्ष्य।

दस्तावेजी साक्ष्य के प्रकार

आईईए के अनुसार दस्तावेजी साक्ष्य में प्राथमिक और द्वितीयक साक्ष्य शामिल होते हैं। प्राथमिक साक्ष्य में मूल दस्तावेज और उसके घटक, अर्थात वीडियो रिकॉर्डिंग और इलेक्ट्रॉनिक अभिलेख, शामिल हैं। द्वितीयक साक्ष्य में दस्तावेज और मौखिक विवरण शामिल होते हैं, जिनका उपयोग कर मूल प्रति की अंतर्वस्तु को साबित किया जा सकता है।

  • साबित तथ्य: प्रस्तुत किए गए साक्ष्य के आधार पर एक तथ्य को साबित माना जाता है, यदि न्यायालय सामान्य परिस्थितियों में उस पर विश्वास करता है कि
    1. उसका अस्तित्व है और
    2. इसका अस्तित्व संभवतः एक प्रज्ञावान व्यक्ति की तरह है जो अनुमान करता है कि इसका अस्तित्व है।
  • पुलिस के समक्ष की गई संस्वीकृति: यदि किसी पुलिस अधिकारी से कोई भी संस्वीकृति की गई है तो वे अस्वीकार्य हैं। यहां तक कि वे संस्वीकृति भी अस्वीकार्य हैं जो पुलिस हिरासत में की गई हों। परंतु यदि ऐसी संस्वीकृति मजिस्ट्रेट द्वारा नोट कर ली जाती है, तो उन्हें अनुमति दी जाती है। इसके अलावा, यदि पुलिस हिरासत में किसी आरोपी द्वारा दी गई कोई सूचना किसी तथ्य को उजागर करती है, तो उस सूचना को स्वीकार्य माना जा सकता है यदि तथ्य और सूचना का आपस में गहरा संबंध हो। 

प्रमुख सिफारिशें

  • मौखिक साक्ष्य: आईईए के अनुसार, मौखिक साक्ष्य न्यायालयों में साक्षियों द्वारा जांच के अधीन तथ्य के विषयों के संबंध में दिए गए बयानों को संदर्भित करता है। इस अधिनियम के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से दिए गए मौखिक साक्ष्य की अनुमति है। इसके कारण, अभियुक्तों व्यक्तियों, साक्षियों और पीड़ितों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक रूप से साक्ष्य दिए जा सकते हैं।
  • दस्तावेजी साक्ष्य: आईईए के अनुसार, मानचित्र, लिखित पाठ और रेखांक को दस्तावेज माना जाता है। इस अधिनियम में निर्दिष्ट है कि दस्तावेजों में इलेक्ट्रॉनिक अभिलेख भी शामिल होंगे। दस्तावेजी साक्ष्य में इलेक्ट्रॉनिक सूचना शामिल होती है जो या तो मुद्रित होती है या ऑप्टिकल या चुंबकीय मीडिया में संग्रहीत की जाती है, जिसे बाद में कंप्यूटर के माध्यम से प्रस्तुत किया जा सकता है। इस अधिनियम के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक या डिजिटल अभिलेख और कागजी अभिलेख को कानूनी माना जाएगा। इसमें उल्लिखित है कि इलेक्ट्रॉनिक अभिलेख में स्मार्टफोन, लैपटॉप या सेमीकंडक्टर मेमोरी में दर्ज की गई किसी भी सूचना के साथ-साथ ईमेल, वॉयस मेल, सर्वर लॉग और स्थानीय साक्ष्य में संग्रहीत सूचना भी शामिल हो सकती है।
  • द्वितीयक साक्ष्य: यह अधिनियम द्वितीयक साक्ष्य में निम्नलिखित उपबंधों को शामिल करता है: (i) लिखित और मौखिक दोनों संस्वीकृति और (ii) उस व्यक्ति का साक्ष्य जिसे दस्तावेजों का विश्लेषण करने के लिए प्रशिक्षित किया गया है और जिसने उनका विश्लेषण किया है।
  • संयुक्त विचारण: यह दो या दो से अधिक व्यक्तियों का एक ही अपराध के लिए संयुक्त रूप से विचारण है। आईईए के अनुसार, यदि किसी एक आरोपी द्वारा की गई संस्वीकृति साबित हो जाती है और अन्य आरोपी व्यक्तियों पर भी लागू होती है, तो ऐसी संस्वीकृति सभी आरोपियों के विरुद्ध लागू होगी। इस अधिनियम में उल्लिखित है कि यदि कोई आरोपी भाग जाता है या कई व्यक्तियों के विचारण के मामले में गिरफ्तारी वारंट पर प्रतिक्रिया नहीं देता है, तो इसे संयुक्त विचारण माना जाएगा।

मुद्दे और आलोचनात्मक विश्लेषण

  • हिरासत में अभियुक्त से प्राप्त सूचना की स्वीकार्यता: इस अधिनियम के अनुसार, पुलिस हिरासत के दौरान अभियुक्त से प्राप्त कोई भी सूचना स्वीकार्य होगी। परंतु यदि वह बाहर है तो ऐसी सूचना स्वीकार्य नहीं मानी जाएगी। विधि आयोग की सिफारिश के अनुसार, इस प्रावधान का प्ररूप फिर से तैयार किया जाना चाहिए ताकि ऐसी सूचना की सुसंगतता सुनिश्चित की जा सके, चाहे वह पुलिस की हिरासत में प्राप्त की गई हो या बाहर।
  • विधि आयोग की सिफारिशों को शामिल न किया जाना: इस अधिनियम में विधि आयोग द्वारा की गई कुछ सिफारिशों को शामिल नहीं किया गया है, भले ही वे महत्वपूर्ण हैं। उदाहरण के लिए, यदि अभियुक्त पुलिस हिरासत में घायल हो जाए तो पुलिस को चोट के लिए जिम्मेदार ठहराना।
  • इलेक्ट्रॉनिक अभिलेख के साथ हेर-फेर करना: उच्चतम न्यायलय के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक अभिलेख के साथ हेर-फेर की संभावना है। न्यायालय ने सिफारिश की कि ऐसे अभिलेखों की सुरक्षा की उचित व्यवस्था के माध्यम से इन्हें सावधानीपूर्वक संभाला जाना चाहिए। हालांकि, इस अधिनियम के अनुसार, ऐसे अभिलेख स्वीकार्य माने जाएंगे, जिनमें तहकीकात या जब्ती के समय इलेक्ट्रॉनिक अभिलेख की प्रामाणिकता और संपूर्णता सुनिश्चित करने के लिए कोई पर्याप्त संरक्षोपाय नहीं होंगे। अतः, जांच के दौरान ऐसे अभिलेख में सरलता से गड़बड़ी और हेर-फेर की जा सकती है।
  • इलेक्ट्रॉनिक अभिलेख की स्वीकार्यता के कारण अस्पष्टता: आईईए के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक अभिलेख दस्तावेजों के रूप में तभी स्वीकार्य होंगे जब उनके साथ प्रमाणीकरण प्रमाणपत्र होगा। इस अधिनियम ने इलेक्ट्रॉनिक अभिलेखों को ऐसे दस्तावेजों के रूप में वर्गीकृत करते हुए इस उपबंध को प्रतिधारित किया है जिनके लिए किसी प्रमाणीकरण की आवश्यकता नहीं होगी। इससे अस्पष्टता उत्पन्न होती है।
  • पुलिस की हिरासत में बल-प्रयोग द्वारा प्राप्त सूचना की विश्वसनीयता: आईईए के अनुसार, किसी सूचना को साबित किया जा सकता है यदि वह पुलिस हिरासत में एक आरोपी से प्राप्त होती है। इस अधिनियम ने इस उपबंध को बरकरार रखा है। तथापि, न्यायालय और समितियों द्वारा यह अवलोकित किया गया है कि ऐसी सूचना किसी उचित सुरक्षोपाय के अभाव में, पुलिस हिरासत में बल-प्रयोग द्वारा प्राप्त की जा सकती है।

© Spectrum Books Pvt. Ltd.

 

spectrum-books-logo

  

Spectrum Books Pvt. Ltd.
Janak Puri,
New Delhi-110058

  

Ph. : 91-11-25623501
Mob : 9958327924
Email : info@spectrumbooks.in