‘मदरसा’ शब्द की व्युत्पत्ति अरबी भाषा के मूल शब्द दरस से हुई है, जिसका अर्थ है—‘पढ़ना, सीखना या अध्ययन करना’ तथा मदरसा का अर्थ है—‘अध्ययन का स्थान’। ऐतिहासिक रूप से मदरसा उच्च शिक्षा के एक ऐसे पारंपरिक इस्लामी संस्थान को संदर्भित करता है जहां धार्मिक एवं प्रशासनिक शिक्षा (मूलतः कुरान, दर्शन, कानून, गणित और विज्ञान) प्रदान की जाती थी। ये आधुनिक उच्च विद्यालय या महाविद्यालय के समकक्ष थे, जो छात्रों को दर्शन, तर्कशास्त्र, न्यायशास्त्र और विज्ञान जैसे विषयों में पारंगत कर उन्हें राज्य की प्रशासनिक एवं न्यायिक सेवाओं के योग्य बनाते थे। जबकि 'मकतब' प्रारंभिक शिक्षा के केंद्र के रूप में कार्य करते थे, जहां प्राथमिक शिक्षा (बुनियादी साक्षरता, अंकगणित तथा धार्मिक शिक्षा) प्रदान की जाती थी। ये अकसर मस्जिदों में स्थित होते थे। दसवीं शताब्दी में भारत में इस्लामिक शासन की स्थापना के साथ ही अनेक मकतब और मदरसे भी स्थापित हुए, जिनका विकास सल्तनत काल तथा मुगल काल में अपने चरमोत्कर्ष पर पहुंच गया।

Spectrum Books Pvt. Ltd.
Janak Puri,
New Delhi-110058
Ph. : 91-11-25623501
Mob : 9958327924
Email : info@spectrumbooks.in


